ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख ने कहा है कि ईरानी राष्ट्र के परमाणु अधिकारों से पीछे हटना वास्तव में ईरान की प्रतिष्ठा व स्वाधीनता से पीछे हटने के समान है।
न्यायपालिका के प्रमुख आयतुल्लाह सादिक़ आमुली लारीजानी ने न्यायपालिका के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान को भी अन्य विकासशील देशों की भांति विभिन्न प्रकार की ऊर्जा की आवश्यकता है। उनका कहना था कि ईरान विकास के मार्ग पर अग्रसर है और इस मार्ग में ईरान को बिजली की बहुत आवश्यकता है और इस आवश्यकता को पूरा करने के लिए समस्त संभावनाएं विशेषकर शांतिपूर्ण परमाणु तकनीक की भी आवश्यकता है।
न्यायपालिका प्रमुख ने इस बात पर बल देते हुए कि ईरान की जनता और सरकारी अधिकारियों ने धैर्य से और डट कर वार्ता के विभिन्न चरण तय किए, कहा कि वार्ता के समस्त चरणों में पश्चिम विशेषकर अमरीका का विस्तारवाद मौजूद रहा है क्योंकि कभी वे कहते थे कि पांच सौ सेन्ट्रीफ़्यूज ईरान के पास होने चाहिए, फिर कहने लगे कि एक हज़ार या दो हज़ार सेन्ट्रीफ़्यूज तेहरान के पास होने चाहिए।
आयतुल्लाह सादिक़ लारीजानी ने ईरान की परमाणु वार्ताकार टीम की सराहना करते हए कहा कि वार्ता का अगला चरण और भी कठिन होगा और उक्त चरण को भी जनता के प्रतिरोध और अधिकारियों के उचित प्रबंधन से तय किया जाना चाहिए और ईरानी राष्ट्र पहले से अधिक प्रतिष्ठा और सम्मान के साथ स्वाधीनता और प्रगति के मार्ग पर अग्रसर रहेगा।
27 नवंबर 2014 - 18:04
समाचार कोड: 654446
ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख ने कहा है कि ईरानी राष्ट्र के परमाणु अधिकारों से पीछे हटना वास्तव में ईरान की प्रतिष्ठा व स्वाधीनता से पीछे हटने के समान है।